मुजफ्फरपुर: उत्तर बिहार के रेल यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिल सकती है। पूर्व मध्य रेल ने 80 प्रमुख ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त एलएचबी कोच जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है। योजना लागू होने पर 22 कोच वाली इन ट्रेनों की क्षमता बढ़कर 24 कोच हो जाएगी, जिससे हर फेरे में अतिरिक्त सीट और बर्थ उपलब्ध होंगी।
अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। संबंधित रेल मंडलों से प्लेटफॉर्म, पिट लाइन और परिचालन क्षमता की तकनीकी रिपोर्ट मांगी गई है।
सोनपुर और समस्तीपुर मंडल से मांगी गई तकनीकी रिपोर्ट
मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक (CPTM) स्तर से तैयार प्रस्ताव के बाद सोनपुर, समस्तीपुर समेत संबंधित रेल मंडलों को अपनी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। खास तौर पर यह देखा जाएगा कि मौजूदा प्लेटफॉर्म और पिट लाइन 24 कोच वाली ट्रेनों के संचालन के लिए पर्याप्त हैं या नहीं।
तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही अतिरिक्त कोच लगाने की आगे की प्रक्रिया तय होगी।
सप्तक्रांति, बिहार संपर्क क्रांति और वैशाली समेत ये ट्रेनें सूची में
प्रस्ताव में मुजफ्फरपुर से खुलने या गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं। इनमें 12557/12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस के साथ 12565/12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12561/12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और 12553/12554 वैशाली एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा सूची में 15228/15227 मुजफ्फरपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस, 15269/15270 मुजफ्फरपुर-साबरमती एक्सप्रेस, 15272/15271 मुजफ्फरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, 15589/15590 मुजफ्फरपुर-हडपसर एक्सप्रेस और 15203/15204 बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस भी हैं।
त्योहारों में सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद
दो अतिरिक्त एलएचबी कोच जुड़ने से इन ट्रेनों में हर फेरे पर सैकड़ों अतिरिक्त यात्रियों के लिए जगह बन सकती है। इसका असर खास तौर पर उन रूटों पर दिख सकता है, जहां त्योहारों और छुट्टियों के दौरान टिकटों की मांग तेजी से बढ़ जाती है।
मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार से दिल्ली, हावड़ा, मुंबई और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त क्षमता मिलने से वेटिंग लिस्ट पर दबाव कम होने और कन्फर्म टिकट की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
फिलहाल 24 कोच वाली ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। रेलवे की तकनीकी रिपोर्ट और अंतिम मंजूरी के बाद ही यह व्यवस्था लागू होगी।



जवाब लिखें