बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए आज 1 अगस्त से एक खास राहत योजना शुरू हो गई है। अब सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली बिल्कुल मुफ्त मिलेगी। सबसे पहले स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को इस योजना का फायदा मिलेगा।
अब, स्मार्ट मीटर वाले घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली शुक्रवार से 125 यूनिट खपत होने तक नहीं कटेगी, भले ही उनके प्रीपेड मीटर में बैलेंस खत्म क्यों न हो। लेकिन यदि 125 यूनिट से अधिक बिजली खर्च हुई और उपभोक्ता ने समय पर रिचार्ज नहीं किया, तो बैलेंस निगेटिव होते ही बिजली की आपूर्ति अपने आप बंद हो जाएगी।
स्मार्ट मीटर सर्वर में बदलाव और ट्रायल
बिजली कंपनी मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर के सर्वर में बदलाव किया गया है। इसका ट्रायल शुक्रवार को होगा। सही तरीके से सर्वर के कार्यरत रहने पर जुलाई का पैसा बिल बनने के साथ क्रेडिट होना शुरू हो जाएगा।
पोस्टपेड उपभोक्ताओं को भी मिलेगा फायदा
इसी तरह पोस्टपेड उपभोक्ताओं की बिलिंग होने पर जुलाई की 125 यूनिट का पैसा घटा दिया जाएगा। शेष पैसा ही भुगतान करना होगा।
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के जीएम राजस्व अरविंद कुमार ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं की बिलिंग डेट अलग-अलग है। जिस दिन जिनका बिल बनेगा, उस दिन जुलाई की 125 यूनिट की छूट का लाभ मिलेगा। स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को बैलेंस क्रेडिट किया जाएगा। पोस्टपेड उपभोक्ताओं के बिल में 125 यूनिट की राशि घटा दी जाएगी।
125 यूनिट तक कोई शुल्क नहीं
इस योजना के तहत पहले 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। यदि उपभोक्ता की खपत 125 यूनिट से अधिक होती है, तो अतिरिक्त यूनिट्स के साथ फिक्स्ड चार्ज और इलेक्ट्रिक ड्यूटी भी देनी होगी। अर्थात, एक भी यूनिट अतिरिक्त खपत का पूरा शुल्क देना पड़ेगा।
यूनिट के अनुसार नया दर ढांचा
- 0 से 125 यूनिट तक: बिल ₹0 (मुफ्त)
- कुटीर ज्योति श्रेणी: ₹2.45 प्रति यूनिट
- ग्रामीण उपभोक्ता: ₹2.45 प्रति यूनिट
- शहरी घरेलू श्रेणी 1 एवं 2: ₹5.52 प्रति यूनिट
- शहरी घरेलू श्रेणी 3: ₹5.42 प्रति यूनिट





Leave a Reply